टीकमगढ़। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएँ की गईं। इसी क्रम में गुरुवार 28 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर ने कोतवाली थाना परिसर में मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों एवं धर्मावलंबियों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने सभी नागरिकों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए जिले में परंपरागत भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि टीकमगढ़ जिले की पहचान सदैव आपसी सद्भाव, सहयोग एवं सामाजिक एकता रही है तथा सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से यह परंपरा लगातार मजबूत होती रही है। उन्होंने कहा कि पर्वों का उद्देश्य समाज में प्रेम, विश्वास एवं आपसी सम्मान को बढ़ावा देना है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित की। बच्चों एवं आमजन के साथ इस सकारात्मक संवाद ने उत्सव के वातावरण को और अधिक सौहार्दपूर्ण एवं उल्लासमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटारे, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही मुस्लिम समाज के अनेक गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
जिला पुलिस द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी सहयोग, समझदारी एवं सौहार्द के साथ पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

