विश्व तंबाकू निषेध दिवस: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल इटारसी में तंबाकू-मुक्त परिसर हेतु दिलाई गई शपथ, उल्लंघन पर लगेगा 200 रुपये जुर्माना I
इटारसी। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल को पूर्णतः तंबाकू-मुक्त बनाने के संकल्प के साथ आज अस्पताल परिसर में एक गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल के समस्त स्टाफ सहित मरीजों के परिजनों ने भी तंबाकू से दूर रहने और परिसर को स्वच्छ व स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया।
चिकित्सकों और स्टाफ ने ली तंबाकू मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे के नेतृत्व में डॉ. प्रियंक मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने वहां मौजूद सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों, ए.एन.एम. प्रशिक्षु छात्राओं एवं मरीजों के परिजनों को तंबाकू निषेध की सामूहिक शपथ दिलाई।
सामूहिक संकल्प (शपथ):
“हम शपथ लेते हैं कि न स्वयं तंबाकू का सेवन करेंगे, न दूसरों को करने देंगे। हम अपने अस्पताल परिसर को तंबाकू-मुक्त बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे तथा प्रत्येक व्यक्ति को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। हम एक स्वस्थ, तंबाकू-मुक्त समाज के निर्माण में अपना पूर्ण योगदान देंगे।”
अस्पताल एक स्वास्थ्य का मंदिर: डॉ. कमलेश कुमरे
इस अवसर पर संबोधित करते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे ने कहा:
“अस्पताल एक स्वास्थ्य मंदिर है, जहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ होने की आशा लेकर आता है। इसलिए यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम स्वयं तंबाकू से दूर रहें और पूरे परिसर को तंबाकू-मुक्त रखें। आज ली गई शपथ केवल शब्द नहीं, बल्कि एक संकल्प है जिसे हम प्रतिदिन अपनी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।”
कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
दंत शल्य चिकित्सा विभाग प्रभारी डॉ. कुलदीप सिंह ठाकुर ने वैधानिक नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि COTPA 2003 के तहत सभी सार्वजनिक स्थान एवं अस्पताल परिसर पूरी तरह तंबाकू-मुक्त क्षेत्र घोषित हैं। अब यदि परिसर में कोई भी व्यक्ति तंबाकू, गुटका या धूम्रपान करते हुए पाया जाता है, तो उस पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके लिए OPD, वार्ड एवं प्रवेश द्वारों पर ‘No Tobacco Zone’ के विशेष बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।
जागरूकता पोस्टर और पर्चों का हुआ वितरण
शपथ ग्रहण के तुरंत पश्चात अस्पताल के सभी विभागों में “Tobacco Free Hospital” के पोस्टर चस्पा किए गए। साथ ही अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को जागरूकता पर्चे वितरित कर तंबाकू छोड़ने हेतु प्रेरित किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि परिसर में एक ‘तंबाकू उन्मूलन केंद्र’ भी संचालित है, जहां तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को निःशुल्क परामर्श व निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जाती है। मदद के लिए राष्ट्रीय क्विट-लाइन नंबर 1800-11-2356 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी आयोजन में डॉ. राकेश चौधरी, डॉ. विकास जैतपुरिया, डॉ. आभा जैन, डॉ. अनिकेत सिंह, डॉ. विजया टिकारिया, डॉ. प्रियंक मिश्रा, डॉ. ऋचा पहाड़िया, डॉ. अभिषेक अग्रवाल, डॉ. हेमंत यादव, डॉ. ऋचा राय, डॉ. वृषाली गद्रे, डॉ. सिमरनजीत सिंह गंभीर, डॉ. प्रेसी येसुदास सहित अस्पताल की मैट्रन, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, सुरक्षाकर्मी एवं ANM प्रशिक्षण केंद्र की छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
आज का विचार
“स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा उपहार है और तंबाकू मुक्त जीवन उस उपहार की रक्षा करने का पहला संकल्प है। एक स्वस्थ समाज का निर्माण हमारे स्वयं के सुधरने से ही संभव है।”
– कुणाल की कलम
(पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी)

