अवैध गांजे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पथरौटा पुलिस और आरपीएफ इटारसी ने 20.575 किलोग्राम गांजे के साथ 3 आरोपियों को दबोचा l
इटारसी। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन, अति. पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं एसडीओपी इटारसी श्री वीरेन्द्र कुमार मिश्रा के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पथरौटा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) इटारसी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी कर रहे दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 20.575 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,60,000/- रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर जुझारपुर आउटर के पास घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 11 जून 2026 को पथरौटा थाना प्रभारी को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध व्यक्ति (दो पुरुष और एक महिला) मरघटा रोड जुझारपुर आउटर की कच्ची सड़क से इटारसी की ओर आ रहे हैं। तीनों संदिग्ध बार-बार अपना मुंह और बैग छिपाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे उनके पास अवैध मादक पदार्थ होने का कड़ा संदेह था। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पथरौटा पुलिस और आरपीएफ की टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर सूझबूझ से घेराबंदी की और तीनों को हिरासत में ले लिया।
रायसेन, सागर और बैतूल के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके बैग से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- राजेश लोधी (उम्र 33 साल), पिता भुजबल सिंह लोधी – निवासी थाना गैरतगंज, जिला रायसेन।
- भूपेन्द्र लोधी (उम्र 28 साल), पिता गोवर्धन लोधी – निवासी हिनोतियाकला, थाना राहतगंज, जिला सागर।
- सेवंती मर्सकोले (उम्र 48 साल), पिता संतु मर्सकोले – निवासी ग्राम रतनपुर, थाना रानीपुर, जिला बैतूल।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 NDPS ACT के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका
इस शानदार सफलता में पथरौटा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक (उनि.) मोनिका गौर, प्रधान आरक्षक दीपक जनोरिया, आरक्षक नितेश दंवडे, धर्मेन्द्र कुचबंदिया, आकाश बारास्कर, हरीश पवार, जयप्रकाश पाठे, और महिला आरक्षक पूनम चौधरी की मुख्य भूमिका रही।
वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से निरीक्षक मनीष कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक मोहम्मद राशिद, आरक्षक निर्मल पटेल, ब्रजमोहन, भूपेन्द्र सिंह, विक्रम डागुर और जसवंतसिंह ने इस संयुक्त कार्रवाई में सराहनीय योगदान दिया।
पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

