प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम/ भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व पूर्व नपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल मंगलवार को नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह से मिले। इस दौरान श्री खंडेलवाल ने भोपाल में नगरीय प्रशासन मंत्री को पत्र देकर नर्मदापुरम में बंद पड़े सीवर ट्रीटमेंट प्लांट प्रोजेक्ट को पुनः प्रारंभ करने की मांग की है। पत्र में श्री खंडेलवाल ने लिखा कि नर्मदापुरम नगर में माँ नर्मदा में मिलने वाले गंदे नालों को बंद करने व गंदे पानी को साफ करने के लिए सीवर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट शुरू हुआ था परन्तु किन्हीं कारणों से यह प्रोजेक्ट बंद पड़ा हुआ है। श्री खंडेलवाल ने मंत्री भूपेंद्र सिंह से कहा कि इस मामले को संज्ञान में लेकर संबंधित विभाग को आपका मार्गदर्शन प्रदान कर बंद पड़े, इस सीवर ट्रीटमेंट प्लांट प्रोजेक्ट को पुनः चालू करवाने की कृपा करें ताकि इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट से माँ नर्मदा का जल प्रदूषित नहीं होगा।

