इटारसी : गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत रानी अवंती हायर सेकंडरी स्कूल में गुरु पर्व आयोजित किया गया। इस पखवाड़े में स्कूल के विद्यार्थियों ने पौधरोपण निबंध लेखन एवं शास्त्रों के ज्ञान संबंधी कार्यशाला में भाग लिया। स्कूल प्राचार्य डॉ प्रताप सिंह वर्मा ने सभी विद्यार्थियों को चेताया कि किसी के केवल प्रवचन सुनकर या बिना जाने-बुझे जल्दबाजी में गुरु न बनाएं। संत या गुरु के आचरण, उनके विचारों और उनकी उपासना पद्धति को लंबे समय तक परखें।देखें कि गुरु के बताए मार्ग शास्त्रों और धर्म के अनुकूल हैं या नहीं। क्योंकि गुरु दीक्षा एक बार ही होती है बार-बार नहीं हो सकती एवं गुरु के दिए गए गुरु मंत्र के जाप से ही आपके व्यक्तित्व में निखार आता है एवं आप प्रगति के सोपान पर पहुंचते हैं। इस अवसर पर कक्षा 12वीं की छात्रा गायत्री प्रधान ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर माँ सरस्वती प्रतिमा एवं महर्षि वेदव्यास के चित्र पर विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर पूजन किया। इस दौरान स्कूल स्टाफ से संस्था समन्वयक देवेंद्र कुमार चौरे, कंचना खंडारे, सरिता सोनोने, अंजलि चौरे, डॉली सारवान, प्राची बरखने, उपासना सारवान, पुष्पा चौरे शामिल रहें।




