स्व. मुकेश जी की स्मृति में 22 जुलाई को सजेगी सुरीली शाम: पुरानी इटारसी में आयोजित होगा “इटारसी गीतमाला” (सीजन-1)
इटारसी। बॉलीवुड फिल्मों के अमर गायक स्वर्गीय मुकेश चंद्र माथुर की पावन स्मृति में आगामी 22 जुलाई (बुधवार) को एक भव्य संगीतमय शाम का आयोजन होने जा रहा है। पुरानी इटारसी स्थित ‘अभिनंदन सभागृह’ में “इटारसी गीतमाला” का पहला सीजन आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्व. मुकेश जी के सदाबहार गीतों की स्वर-लहरी गूंजेगी।
आयोजक अतुल शुक्ला ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस संगीतमय कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के प्रतिभावान कलाकारों द्वारा स्व. मुकेश जी के प्रसिद्ध सोलो (एकल) और डुएट (युगल) गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी गायक कलाकारों का फाइनल रिहर्सल पूरा हो चुका है और गायकों की सूची भी तैयार कर ली गई है।
शाम 7 बजे से प्रारंभ होगी सुरीली महफिल
कार्यक्रम का समय सायं 7:00 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने समय की पाबंदी पर विशेष जोर दिया है ताकि कार्यक्रम समय पर शुरू होकर सुचारू रूप से संचालित हो सके।
संगीत प्रेमियों को आमंत्रण
आयोजन समिति एवं अतुल शुक्ला ने नर्मदापुरम जिले और इटारसी के समस्त संगीत प्रेमियों, गणमान्य नागरिकों तथा श्रोताओं से अपील की है कि वे समय से अभिनंदन सभागृह पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करें और इस संगीतमय यात्रा का आनंद उठाएं।
विशेष रिपोर्ट: कुनाल पासवान

