बड़ी मशक्कत से हुई नालियों की सफाई, अब 8-10 दिनों से सड़क पर बिखरा है मलबा, नपा कर्मचारी फोन उठाकर भी बेपरवाह I
दीवान कॉलोनी (पुरानी इटारसी) के वार्ड क्रमांक 02 में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही, राहगीरों और बुजुर्गों का निकलना हुआ दूभर
पुरानी इटारसी | नगर पालिका इटारसी के दावों और जमीनी हकीकत में कितना अंतर है, इसकी बानगी वार्ड क्रमांक 02 स्थित दीवान कॉलोनी में साफ देखी जा सकती है। यहां विगत कई वर्षों से नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। जब वार्डवासियों ने बार-बार आग्रह और कड़ा प्रयास करके जैसे-तैसे नालियों की सफाई करवाई, तो नगर पालिका प्रशासन की एक नई लापरवाही सामने आ गई। सफाई के बाद नालियों से निकला गंदा कचरा और मलबा पिछले 8 से 10 दिनों से सड़क पर ही बिखरा पड़ा है।
फोन पर अवगत कराने के बाद भी बेखबर जिम्मेदार
वार्डवासियों का कहना है कि नालियों से निकला कीचड़ और कचरा पूरी सड़क पर फैल चुका है। इस संबंध में नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों को फोन लगाकर स्थिति से अवगत कराया गया और कचरा उठवाने का निवेदन किया गया। इसके बावजूद नपा का कोई भी कर्मचारी मलबा उठाने नहीं पहुंचा। नपा प्रशासन की इस अनदेखी से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है।
बुजुर्गों और बच्चों का पैदल चलना हुआ मुश्किल
सड़क पर बिखरे मलबे और कचरे के कारण रास्ते से निकलना बेहद जोखिम भरा हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी घर के बुजुर्गों और छोटे बच्चों को हो रही है, जिन्हें आते-जाते समय फिसलने और गिरने का डर बना रहता है। धूप पड़ने पर कचरा सूखकर बदबू मार रहा है और धूल बनकर उड़ रहा है, जिससे आसपास के घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
वार्डवासियों का आक्रोश:
“सालों बाद तो आग्रह करके नालियां साफ करवाईं, लेकिन अब 8-10 दिन से कचरा सड़क पर ही पटक दिया गया है। नपा कर्मचारियों को फोन लगा-लगाकर थक चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। बच्चों और बुजुर्गों का रास्ते से निकलना दूभर हो गया है।”
संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
सड़क पर फैले गंदे मलबे के कारण पूरे वार्ड में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर सड़क पर पड़े कचरे को नहीं उठवाया, तो वे नगर पालिका पहुंचकर उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे।
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

