नशामुक्ति अभियान का समापन और सार्वभौमिक जीवन मूल्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित I
इटारसी:उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार महाविद्यालय में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” नशामुक्ति जागरूकता अभियान के समापन समारोह एवं ‘सार्वभौमिक जीवन मूल्य जागरूकता अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को गर्त में धकेल देता है। यह तीनों के लिए अत्यंत घातक है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के परिवार व समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर आई.क्यू.ए.सी. (IQAC) प्रभारी डॉ. हरप्रीत रंधावा ने जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “सत्य, ईमानदारी, अनुशासन, करुणा, सहिष्णुता और मानवता जैसे सार्वभौमिक जीवन मूल्य ही व्यक्ति के चरित्र निर्माण और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की वास्तविक आधारशिला हैं।”
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम अधिकारी कु. नीतू अहिरवार ने युवाओं को प्रेरित करते हुए समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने तथा सेवा, समर्पण एवं अनुशासन की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। वहीं, डॉ. संजय आर्य ने कहा कि जीवन में नैतिक मूल्यों का ईमानदारी से पालन करना ही सच्ची सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मानव शृंखला बनाकर लिया संकल्प
संबोधन के पश्चात महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने एकजुट होकर एक विशाल मानव शृंखला (Human Chain) बनाई। इसके माध्यम से नशामुक्ति और सार्वभौमिक जीवन मूल्यों का प्रभावी संदेश दिया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक नशामुक्त और मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।


