आजाद पंजा चौराहा पर धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, 40 वर्षों से सेवारत सफाई कर्मचारी पप्पू भाई ने किया ध्वजारोहणl
इटारसी । मालवीयगंज स्थित आजाद पंजा चौराहा पर स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। स्वर्गीय श्री रमेश सोनकर जी द्वारा प्रारंभ की गई ध्वजारोहण की ऐतिहासिक परंपरा को निरंतर जारी रखते हुए आजाद पंजा चौराहा जीर्णोद्धार समिति के तत्वावधान में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्र में पिछले 40 वर्षों से ईमानदारी और निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे वार्ड के सफाई कर्मचारी पप्पू भाई को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। मुख्य अतिथि पप्पू भाई ने तिरंगा फहराया, जिसके बाद समिति सदस्यों एवं नागरिकों ने उन्हें श्रीफल, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीना सम्मान दिया।
ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर चौराहे के स्तंभ को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित लोगों में मिष्ठान वितरण किया गया।
कार्यक्रम में आजाद पंजा चौराहा जीर्णोद्धार समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों सहित मालवीयगंज क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी)

