शहर के प्रमुख महेंद्र सागर तालाब में फैली जलकुंभी हटाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष पप्पू मलिक के नेतृत्व में बुधवार को अभियान शुरू किया गया। नगर पालिका के कर्मचारी और जन सहयोग से चलाए जा रहे अभियान में तालाब से जलकुंभी निकालने का काम शुरू किया गया। पप्पू मलिक ने बताया कि शहर के प्राचीन तालाब हमारी ऐतिहासिक धरोहर हैं। इनकी देखभाल, संरक्षण और सौंदर्यीकरण हमारी प्राथमिकता में हैं। जिसके लिए कार्ययोजना अनुसार काम किया जाएगा। जिसकी शुरुआत जलकुंभी हटाने के साथ की गई है। अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी महेंद्र सागर तालाब से जलकुंभी हटाने में लगाए गए हैं। इसके साथ ही शहरवासियों और समाजसेवी संगठनों से भी आग्रह और अपेक्षा है कि नगर पालिका के इस अभियान में सहभागी बनें। जनसहयोग और नगर पालिका के संयुक्त प्रयासों से अभियान के तहत महेंद्र सागर तालाब को जलकुंभी से मुक्त किया जाएगा। इस अवसर पर अरविंद रजक, जसवंत बाल्मिक, देवीलाल और परितोष (बॉबी) व्यास प्रमुख रूप से मौजूद थे। इसी दौरान तालाब के बंधान पर अध्यक्ष पप्पू मलिक ने गायों को हरा चारा(घास) खिलाया।
सीएमओ ने निरीक्षण कर दिए निर्देश
महेंद्र सागर तालाब से जलकुंभी हटाने के लिए अभियान की शुरुआत से पहले मंगलवार की शाम सीएमओ गीता मांझी ने महेंद्र सागर तालाब के घाटों का निरीक्षण किया। तालाब से जलकुंभी हटाने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि अभियान जनसहयोग और नगर पालिका द्वारा संयुक्तरूप से चलाया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि स्वच्छता मिशन के तहत शहर के तीनों प्रमुख तालाबों महेंद्र सागर, वृंदावन और सैल सागर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा। इसके संबंध में ग्यालियर में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। तीनों तालाबों के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। तालाबों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ पानी को भी उपयोगी बनाने की योजना है। खराब पानी को रिसाइकिल कर साफ और यूजफूल किया जाएगा।

