टीकमगढ़। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पलेरा ब्लॉक में 18 सितंबर 2026 शुक्रवार के दिन विधायक श्री हरिशंकर खटीक एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित 182 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें राजस्व अभिलेख सुधार से संबंधित 40 प्रकरणों का निराकरण किया गया तथा 16 आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज मौके पर ही उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का भी नियमानुसार त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अभिलेख
सुधार, भूमि संबंधी विवाद, बीपीएल प्रकरण, संबल कार्ड, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से संबंधित नाम जोड़ने के एक प्रकरण का मौके पर ही निराकरण किया गया। हितग्राही का नाम जोड़ने के साथ ही पीओएस मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस प्रकार जनविश्वास शिविर में नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में तत्काल सुविधा मिली। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 15 आवेदनों का भी मौके पर निराकरण किया गया। अधिकारियों ने पात्रता एवं प्रकरणों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-02 स्थित हरितला मंदिर परिसर में चबूतरा निर्माण को लेकर प्राप्त आवेदन के निराकरण के लिए मौके पर स्थल निरीक्षण किया गया। तहसीलदार की मौजूदगी में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर निर्माण कार्य के संबंध में सहमति बनाई गई। इस पहल से स्थानीय नागरिकों की मांग के निराकरण की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित हुई। आवेदक श्री अजरसिंह द्वारा फॉर्मर आईडी में गन्ने की फसल दर्ज होने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई थी। कृषि विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए फसल विवरण में आवश्यक संशोधन कर गन्ने के स्थान पर गेहूं की फसल दर्ज की गई। शिविर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा मानदेय नहीं मिलने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर समन्वय कर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने स्थानीय उद्यमियों श्री जगदीश प्रसाद अहिरवार, श्री विकास राज, श्री मुकुंदी अहिरवार, श्री नंदराम राजपूत, श्री गोविंद अहिरवार, श्री राजेश पाल, श्री राजेंद्र कुमार विश्वकर्मा, श्री रामकुमार पाल, श्री भल्लू अहिरवार, श्रीमती सरोज प्रजापति, श्री रहमत अली, श्रीमती पूजा खटीक, श्री दिनेश जोशी एवं श्री राजेंद्र राय से संवाद किया। उन्होंने उद्यमियों के कार्य, गतिविधियों एवं स्थानीय स्तर पर उद्यम संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके अनुभव एवं सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभागीय सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहज, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण करें तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
जनविश्वास शिविर के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं की उनके क्षेत्र में ही सुनवाई कर त्वरित एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई। इस अवसर पर एसडीएम जतारा श्री नीरज खरे, तहसीलदार पलेरा श्री पलक जैन, जनपद सीईओ पलेरा श्री अरविंद बोरकर , नगर परिषद सीएमओ सुश्री शिवी उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

