टीकमगढ़ । मेडीकल काॅलेज टीकमगढ़ मे स्वीकृत कराने के लिये केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं टीकमगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग को पत्र लिखा है। श्रीमंत सिंधिया द्वारा टीकमगढ़ की जनता की पैरवी करने से अब जल्द ही टीकमगढ़ में मेडीकल काॅलेज की स्वीकृति मिलने की आस बंध गई है। उक्त जानकारी प्रेस को देते हुए भाजपा नेता विकास यादव ने बताया कि उन्होंने विगत दिनों दिल्ली में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था जिसमें उन्होंने श्री सिंधिया को बताया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुसार देश के प्रत्येक जिले में मेडीकल काॅलेज की स्थापना होनी है। टीकमगढ़ जिला मेडीकल काॅलेज खोलने के लिये सभी निर्धारित मापदण्ड पूरे कर रहा है। टीकमगढ़ जिला प्रशासन द्वारा मेडीकल काॅलेज खोलने के लिये निर्धारित प्रारूप में विधिवत प्रस्ताव 03 जून 2021 को राज्य शासन को प्रेषित किया है और 18.862 हैक्टेयर भूमि भी चिकित्सा शिक्षा विभाग को आबंटित कर दी है जिस पर श्रीमंत सिंधिया ने प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं टीकमगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग को टीकमगढ़ में मेडीकल काॅलेज खोलने के लिये नियमानुसार उचित कार्यवाही करने और की गई कार्यवाही से उन्हें अवगत कराने के लिये पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री को सौंपे थे 10 हजार लोगों के हस्ताक्षरित प्रपत्र 04 जनवरी को टीकमगढ़ के बगाज माता मंदिर में पधारे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान को भाजपा नेता विकास यादव ने मेडीकल काॅलेज की स्वीकृति के लिये 10 हजार लोगों के हस्ताक्षरयुक्त प्रपत्र सौंपे थे। जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने शीघ्र ही कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया था।—-जिला प्रशासन ने भेजा संशोधित प्रस्ताव—-भाजपा नेता विकास यादव के प्रयास अब रंग लाने लगे हैं। जिला प्रशासन द्वारा टीकमगढ़ में मेडीकल काॅलेज खोलने के लिये पूर्व में भेजे प्रस्ताव के बाद अब 07 फरवरी 2023 को पुनः संशोधित प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया गया है। संशोधित प्रस्ताव भारत सरकार द्वारा डब्प् मापदण्ड अनुसार बिन्दु क्रमांक 01 से 07 तक सभी दस्तावेज संलग्न कर प्रेषित किया गया है। प्रस्ताव में जिले में मेडीकल काॅलेज खोले जाने की आवश्यकता का आंकलन, मेडीकल काॅलेज के लिये भूमि आबंटन संबंधी आदेश, भारत सरकार का फार्म 5 प्रपत्र, मेडीकल काॅलेज के लिये आबंटित भूमि की कलर फोटो, जिला चिकित्सालय के कलर फोटो, नजरी नक्शा, आबंटित भूमि के खसरा, नक्शा इत्यादि संबंधी दस्तावेज संलग्न किये गये हैं। भेजे प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि टीकमगढ़ जिले में मेडीकल काॅलेज खुलने से टीकमगढ,बल्देवगढ़, पलेरा, जतारा, पृथ्वीपुर, बड़ामलहरा, शाहगढ़, महरौनी, मड़ावरा एवं बार की कुल 24 लाख 84 हजार के लगभग जनसंख्या को इसका लाभ मिलेगा। श्री यादव ने आशा व्यक्त करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ.वीरेन्द्र कुमार के सहयोग से एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग के ही चिकित्सा शिक्षा मंत्री होने से टीकमगढ़ में जल्द ही मेडीकल काॅलेज की स्वीकृति मिलेगी और इसका लाभ क्षेत्रभर की जनता को मिल सकेगा। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

