जतारा (टीकमगढ़). जतारा विधानसभा क्षेत्र के लिए विद्युत व्यवस्था को लेकर बड़ी खबर है। विधायक श्री हरिशंकर खटीक के प्रयासों से जतारा सब स्टेशन की विद्युत क्षमता दोगुनी कर दी गई है। वर्ष 2010 में स्थापित 5 MVA क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर उसके स्थान पर 10 MVA क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इस कार्य पर लगभग 1 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
100 प्रतिशत बढ़ी स्थापित क्षमता
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा किए गए इस उन्नयन कार्य से सब स्टेशन की स्थापित ट्रांसफार्मर क्षमता में 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अधिकारियों के अनुसार, इससे क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को आसानी से संभाला जा सकेगा और भविष्य की मांग को भी पूरा किया जा सकेगा।
फीडरों पर लोड प्रबंधन होगा आसान
लंबे समय से जतारा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग उठ रही थी। नई क्षमता से संबंधित फीडरों पर लोड प्रबंधन आसान होगा और तकनीकी दृष्टि से बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता में सुधार होगा।
इन उपभोक्ताओं को होगा फायदा
घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलने की उम्मीद
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को वोल्टेज समस्या से राहत
कृषि उपभोक्ताओं को सिंचाई के लिए बेहतर आपूर्ति
विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने कहा कि विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करना क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी था। यह कार्य आमजन को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 10 MVA ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से जतारा क्षेत्र की वर्तमान और भविष्य की विद्युत जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी।

