टीकमगढ़ । दिनांक 13 मई 2023 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में एम.जे. सी. आर. 202 / 2022 की आवेदिका श्रीमती रोहिणी रजक निवासी ग्राम बूढ़ा थाना सिविल लाईन छतरपुर हाल निवासी ग्राम लिधौरा खास थाना लिधौरा जिला टीकमगढ़, अनावेदक पति महेश रजक, निवासी ग्राम बूढ़ा थाना सिविल लाईन छतरपुर के साथ कई वर्षो से अलग रह रहे थे। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश हितेन्द्र सिंह सिसौदिया द्वारा प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय माननीय सुभाष कुमार सोलंकी के साथ मिलकर उक्त जोड़े को समझाइश देकर पुनः दाम्पत्य जीवन निर्वाह हेतु एक साथ रहने को राजी किया। उक्त जोड़े ने माननीय प्रधान न्यायाधीश के समक्ष गिले शिकवे भुलाकर एक दूसरे को माला पहनाकर मिठाई खिलायी एवं जीवन पर्यन्त एक-दूसरे के साथ रहने का वचन दिया इसके एवज में प्रधान जिला न्यायाधीश श्री सिसौदिया द्वारा न्याय मित्र के रूप में फलदार औषधि वृक्ष का वितरण किया और इस वृक्ष को संतान की तरह पालने का भी उक्त जोड़े द्वारा संकल्प लिया गया। तदोपरांत उक्त जोड़ा हसते मुस्कराते हुए अपने घर चले गया।

