नर्मदापुरम /प्रदीप गुप्ता /ओझा बस्ती इटारसी में पहुंचे शुक्रवार सुबह कलेक्टर नीरज कुमार सिंह अपने पूरे अमले के साथ। ज्ञात हो कि विगत 7-8 सालों से सामाजिक कार्यकर्ता सुमन सिंह के द्वारा ओझा बस्ती की हर समस्या के समाधान हेतु सतत कार्य किया जाता रहा है। इसी श्रंखला में ओझा बस्ती के बच्चों की शिक्षा को लेकर जो स्तर दिन व दिन गिरता जा रहा था उसको सही करने के उद्देश्य से सुमन सिंह द्वारा कलेक्टर से निवेदन किया गया था, कि वो एक बार ओझा बस्ती का निरीक्षण करें। ताकि उनके सहयोग से वहां पर शिक्षा के स्तर को ठीक करने में मदद मिल सके, कलेक्टर श्री सिंह जब बस्ती पहुंचे। तब सभी परिवार उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उनको अपनी समस्याओं के समाधान हेतु कलेक्टर से बहुत उम्मीदे थी। सबसे पहले कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों से उनकी शिक्षा को लेकर भीड़ से अलग ले जाकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वह स्कूल जाते हैं या नहीं, ज्यादातर बच्चों का जवाब ना में था, उन्होंने बताया कि वो अपने घर खर्च के लिए पन्नी बीनने का काम करने चले जाते है और गंदे कपड़े पहने होने के कारण स्कूल मे टीचर्स अच्छा व्यवहार नही करते, इसलिए जाने की इक्षा नही होती। फिर उन्होंने पूछा पढ़ाई करने से क्या फायदा होता है, तब बच्चों ने बताया कि पढ़ लिख हम आपकी तरह कलेक्टर भी बन सकते हैं। उनकी इस बात के समर्थन में कलेक्टर ने बच्चों को रोज स्कूल जाने और हॉस्टल में रहकर पढ़ने हेतु प्रेरित किया। क्योंकि बस्ती का वातावरण पढ़ाई योग्य नहीं लगा। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम की कहानी सुनाई साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उनके हॉस्टल एडमिशन के लिए निर्देशित किया। बाल कल्याण सुमन सिंह ने बताया कि उनके द्वारा ज्यादातर बच्चों के डॉक्यूमेंट तैयार हैं और बाकी के सबके सहयोग से पूरे कर लिए जाएंगे। तत्पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने बस्ती के लोगों से उनके अन्य समस्याओं पर चर्चा की। जिसमें वहां के लोगों ने बताया की हमारे पास पक्की छत नहीं है, टीम में छेद है। बारिश में घर के अंदर बैठना भी मुश्किल हो जाता है। पीने के लिए पानी नहीं है, दूर से पानी भरने जाना पड़ता है, शौचालय नहीं है, नालियों की सफाई नहीं होती, स्ट्रीट लाइट खराब होने पर महीनों तक ठीक नहीं होती और हमारे बीच में अधिकारी आते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं लेकिन हमारा कुछ भी नहीं होता। इस पर कलेक्टर ने उनको आश्वासन दिया कि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और उनकी फाइल पर आज ही अपने हस्ताक्षर कर देंगे। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे को उन्होंने पानी की व्यवस्था के लिए बोला। इस अवसर पर मदन सिंह रघुवंशी, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला शिक्षा समन्वयक नीता पुरी, महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी ललित कुमार डेहरिया, नगर पालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले, बाल कल्याण समिति सदस्य सुमन सिंह, रूचि अग्निहोत्री, पूनम शर्मा राम भरोस मीणा, श्रम निरीक्षक ज्योति अय्यर, शिक्षा जनजाति कार्य विभाग के अधिकारी, नव अभ्युदय संस्था के लोग उपस्थित थे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722