टीकमगढ़। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला पुरातत्व,पर्यटन एवं संस्कृति परिषद डीएटीसीसी श्री अवधेश शर्मा के संरक्षण तथा पर्यटन क्विज प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 27 जुलाई 2023 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 टीकमगढ़ में सम्पन्न होगी। प्रतियोगिता के क्विज मास्टर डॉ एम.के.उपाध्याय ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा 9 से 12 तक के छात्र,छात्राओं की तीन प्रतिभागियो की एक टीम जो प्रत्येक हाई स्कूल एवम हायर सेकेंड्री स्कूल से चयनित होकर आएंगे बे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य म.प्र. का समृद्धशाली इतिहास, परम्पराओं ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक समृद्धि एवं पर्यटन महत्त्व की संभावनाओं आदि से छात्रों को अवगत कराना है। उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 टीकमगढ़ में 27 जुलाई को आयोजित मल्टीमीडिया क्विज में जिले के लगभग 150 विद्यालय भाग लेंगें। प्रतिभागी छात्रों में से विजेता छात्र,छात्राओं को म.प्र. पर्यटन बोर्ड की तरफ से 2 रात 3 दिवस एवं उपविजेता छात्र,छात्राओं को 1 रात 2 दिवस का टूर पैकेज गिफ्ट वाऊचर प्रदान किया जाएगा, जिसमे छात्र,छात्राओं को म.प्र. की विविधताओं, कला और संस्कृति देखने समझने का एक वेहतरीन अवसर प्राप्त होगा। प्रतियोगिता प्रभारी अधिकारी श्री शक्ति खरे जिला शिक्षा अधिकारी टीकमगढ़ ने मल्टी मीडिया क्विज की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मल्टी मीडिया प्रभारी श्री अनूप शर्मा, विकाश जैन होंगे तथा डॉ महेंद्र कुमार उपाध्याय क्विज मास्टर के रूप में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करेंगे।

