टीकमगढ़। भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण के लिए केंद्र सरकार की भू स्वामित्व योजना में अच्छा काम करने पर टीकमगढ़ जिले को भूमि सम्मान प्लेटिनम सर्टिफिकेट अवार्ड दिया गया। इस हेतु संयुक्त कलेक्टर श्री संजय जैन एवं प्रभारी अधिकारी भू अभिलेख श्री एमएल जैन को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपति मुर्मू के कर कमलों से आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में भूमि सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री अवधेष शर्मा ने कहा कि भू स्वामित्व योजना के तहत टीकमगढ़ जिले को मिला यह अवार्ड बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जिले के राजस्व विभाग द्वारा बड़ी लगन से यह काम किया गया है और प्रदेश में जिले का रिपोर्ट एवं सर्वे कार्य सबसे बेहतर रहा है। उन्होंने सम्मान के लिए जिले के राजस्व अमले को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम डीआईएलआरएमपी के अंतर्गत मुख्य घटकों के लिए संपूर्णता प्राप्त करने में टीकमगढ़ जिले द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। भूमि सम्मान योजना विश्वास और साझेदारी पर आधारित केंद्र, राज्य का एक अच्छा उदाहरण है क्योंकि भूमि अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण की श्रेणी प्रणाली मुख्य रूप से राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की रिपोर्ट और इनपुट पर आधारित होती है। इससे भूमि रिकॉर्ड और पंजीकरण की डिजिटलीकरण प्रक्रिया से भूमि विवादों से जुड़े लंबित अदालती मामलों को बड़े पैमाने पर कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे भूमि विवादों से जुड़े मुकदमे के कारण रुकी हुई परियोजनाओं की वजह से देश की अर्थव्यवस्था के सकल घरेलू उत्पाद में होने वाले नुकसान में भी कमी आएगी। कृषि और किसान कल्याण, रसायन उर्वरक, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), पंचायती राज और वित्तीय संसाधन आदि केंद्र और राज्य सरकार के विभागों के कार्यक्रमों से संबंधित विभिन्न सेवाओं और लाभों की प्रभावशीलता और दक्षता को बढ़ाने में भूमि रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी बहुत उपयोगी और प्रभावी हो सकती है।

