टीकमगढ़। कलेक्टर अवधेष शर्मा तथा एसपी रोहित काशवानी की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 29 जुलाई को मोहर्रम त्यौहार मनाये जाने तथा आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर नगर पालिका टीकमगढ़ अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मलिक, अपर कलेक्टर पीएस चौहान, एसडीएम टीकमगढ़ सीपी पटेल, एसडीएम बल्देवगढ़ सौरभ मिश्रा, एसडीएम जतारा डाॅ. अभिजीत सिंह, डीएसपी सुश्री प्रिया सिंधी सहित संबंधित पुलिस अधिकारी, पार्षदगण, समाज के गणमान्यजन तथा समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने जिलेवासियों से पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं परम्परा के अनुरूप मनाने की अपील करते हुए त्यौहारों की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से सद्भावना एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने मोहर्रम त्यौहार के दौरान साफ-सफाई तथा आवश्यक व्यवस्था के संबंध में सर्व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि त्यौहार को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने कहा कि सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाया जाये। प्रशासन और पुलिस शांति व्यवस्था को बनाये रखने के लिए हर संभव प्रयास सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि आम जन के सहयोग से पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। बैठक में उपस्थित जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे, जिसके संबंध में व्यावहारिक कार्यवाही करने की बात कही गई।

