टीकमगढ़। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवधेष शर्मा ने आज विधानसभा चुनाव- 2023 के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों के साथ ग्राम पहाड़ी खुर्द स्थित प्राथमिक पाठशाला तथा नगर पालिका टीकमगढ़ के मॉडल बेसिक स्कूल में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 6 जनवरी 2023 से 28 जून 2023 तक किये गये मतदाता सूची संबंधी कार्य की जानकारी बीएलओ से ली और मतदाता सूची का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने सेक्टर अधिकारियों से मतदाता सूची का वाचन कराया। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची से मृतकों के नाम हटाने, 18 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं, नव विवाहतों के नाम जोड़ने, 6 लोगों से अधिक की संख्या वाले परिवारों तथा 80 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को चिन्हांकित करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने निर्देषित किया कि सभी बीएलओ मतदान केन्द्रों पर रहकर मतदाता सूची में नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने व मृत मतदाताओं के नाम काटने का कार्य करेंगे। इसके लिए 12, 13, 19 एवं 20 अगस्त को विशेष कैम्पों का आयोजन किया जाये। कलेक्टर श्री शर्मा ने निरीक्षण में मौजूद सेक्टर अधिकारी, बीएलओ को निर्देश दिये कि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित व शुद्ध हो, इसका विशेष ध्यान रखें। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का नाम एवं नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में जोड़े गये नामों का अवलोकन अपने समक्ष किया और आवष्यक निर्देष दिये। इस अवसर पर संबंधित सेक्टर ऑफिसर, बीएलओ, बीएलए एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

