नर्मदापुरम/कन्हैया लाल वर्मा
/ शहर में बरसात के पानी को रोककर जमीन में पहुंचाने का कार्य इटारसी की जनता के सहयोग से नगर पालिका इटारसी करेगी। मप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक डॉ सीतासरन शर्मा की पहल पर आज नगर पालिका के सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ बैठक आयोजित हुई। यहां सभी के सुझाव लिए गए और नगर पालिका ने क्या कार्ययोजना बनाई है, वह नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने साझा की। विधायक डॉ शर्मा ने बैठक में कहा कि पांर्ढुना नगर पालिका ने भूमिगत जल संकट को खत्म करने के लिए वहां पर बडी नालियों व नालों में गड्ढा कराकर उसमें ग्रेबल की फिलिंग कराते हुए पानी को जमीन में पहुंचाकर वाटर हार्वेस्टिंग कराई। वहां रिजल्ट अच्छा आया है, इसलिए हमनें इटारसी में भी यह तय किया है कि इस तरह कार्य किया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कार्ययोजना बताते हुए कहा कि नगरपालिका बडे नालों व नालियों में गडढा खोदकर उसमें ग्रेवल डालेंगे और वाटर हार्वेस्टिंग करेंगे। अटल पार्क में चार स्थानों पर 10 बाय 10 के गडढे किए जाएंगे और गडढों में ईंट, बोल्डर, ग्रेवल व अन्य सामग्री से उसे भरा जाएगा, जिससे रैन वाटर हार्वेस्टिंग की जाएगी, शहर के अन्य पार्कों में भी यह कार्य किया जाएगा। 30 जून के पहले यह कार्य कर लिया जाएगा। नालों पर 2 फीट हाइट के स्टॉप डैम बनाए जाएंगे। जन जागरुकता के लिए सभी संगठनों, स्कूलों, महिला स्वसहायता समूहों की मदद की जाएगी। पहले 100 रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तक नगर पालिका नागरिकों को नि:शुल्क प्लंबर उपलब्ध कराकर देगी। सिर्फ रैन वाटर हार्वेस्टिंग का सामान नागरिकों को अपने घर के लिए लेकर आना होगा।

