श्री राम जन्मोत्सव समिति ने निकाली कावड़ यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

आमला। श्री राम जन्मोत्सव समिति आमला द्वारा कावड़ यात्रा निकाली गई। कावड़ यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। बेल नदी सांई मंदिर से जल लेकर शुरू हुई कावड़ यात्रा श्री कृष्ण मंदिर इतवारी चौक आमला से मार्केट होते हुए सोनी मोहल्ला, गोविंद कॉलोनी, रातेडा रोड होते हुए कसारी मोहल्ला, राठौर मोहल्ला से श्री कृष्ण मंदिर इतवारी चौक पहुंची, जहां कावड़ यात्रा का समापन किया गया। इस कावड़ यात्रा में श्रद्धालु ढोलक-मंजीरे बजाते हुए भगवान भोलेनाथ के भजन गा रहे थे। जिससे यह कावड़ यात्रा जिस भी रास्ते से गुजरती, हर-हर महादेव के जयकारों से मार्ग गुंंजायमान हो जाता। गौरतलब रहे कि श्रावण मास चल रहा है। यह महीने प्रभु भोलेनाथ को अतिप्रिय है। ऐसा माना जाता है कि जो भी भक्त इस महीने में भगवान शंकर का जलाभिषेक करता है, भोलेनाथ की विशेष कृपा बनती है। यहीं वजह है कि श्रावण मास में जगह-जगह कावड़ यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। कावड़ में जल भरकर श्रद्धालु भगवान शिव के मंदिरों में पहुंचकर अभिषेक कर रहे है।
