टीकमगढ़, 14 अक्टूबर 2025।
स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए टीकमगढ़ नगर पालिका ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। आज भोपाल स्थित रवींद्र भवन में आयोजित पंचम राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा बागरी के मुख्य आतिथ्य में नगर पालिका टीकमगढ़ को स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त श्री संकेत भोडवे ने टीकमगढ़ नगर पालिका की टीम की सराहना करते हुए कहा कि नगर ने स्वच्छता को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त आंदोलन का रूप दिया है।
इस अवसर पर सम्मान ग्रहण करने वालों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया, स्वच्छता शाखा नोडल अधिकारी अजय दीक्षित, उपयंत्री सुश्री जेबा मंसूरी, अनिल श्रीवास्तव, सफाई प्रभारी राकेश बाल्मीकि, दरोगा शुभम वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर नरेश बाल्मीकि एवं सफाई मित्र दल शामिल रहे।
सम्मान प्राप्ति पर नगर पालिका परिवार में हर्ष का माहौल है।
सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि यह सम्मान नगर के नागरिकों के सहयोग और स्वच्छता कर्मियों की समर्पित मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और जनसहभागिता आधारित मॉडल नगर बनाने की दिशा में यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण प्रेरणा बनेगी।
यह सम्मान टीकमगढ़ की उस सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक है जिसके तहत नगर पालिका ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संस्कार बनाया है।

