टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा थाना बुढेरा का विस्तृत एवं सुव्यवस्थित निरीक्षण किया गया। पूरा निरीक्षण अनुशासन, सौहार्द और कार्यकुशलता के वातावरण में संपादित हुआ।
निरीक्षण की शुरुआत थाना बुढेरा पुलिस गार्ड की ओर से दी गई औपचारिक सलामी से हुई, जिसे एसपी महोदय ने स्वीकार करते हुए गार्ड का निरीक्षण किया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नकद प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी मंडलोई ने थाना परिसर की भौतिक स्थिति, आधारभूत संरचनाओं, थाना प्रभारी कक्ष, रोजनामचा कक्ष, विवेचक कक्ष तथा CCTNS प्रणाली, कंप्यूटर उपकरण, अभिलेख-संधारण और डेटा प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का तकनीकी और सिस्टमैटिक मूल्यांकन किया। साथ ही मालखाना, शस्त्रागार, आगंतुक कक्ष, स्टाफ आवास, पेयजल व्यवस्था और परिसर की स्वच्छता का भी गहन परीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक बिंदु पर व्यवस्था सुधार और क्षमता वृद्धि के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लंबित अपराध, मर्ग, चालान, खात्मा व खारजी प्रकरणों की विवेचक-वार समीक्षा की गई। चल रही विवेचनाओं में पाई गई कमियों पर एसपी महोदय ने तत्क्षण सुधारात्मक निर्देश जारी किए। इसके साथ ही गुंडा/निगरानी सूची, जेल से रिहा व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों का भी विस्तार से परीक्षण किया गया। सभी रजिस्टरों और अभिलेखों की शुद्धता की गहन जाँच की गई।
एसपी मंडलोई ने विवेचकों को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज यादव, थाना स्टाफ, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

