टीकमगढ़। जिले के अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अशरफ अली शाह की जयंती के अवसर पर नगर भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं कवि सम्मेलन देशभक्ति, स्मृति और साहित्य के त्रिवेणी संगम के रूप में यादगार बन गया। कार्यक्रम में स्व. अशरफ अली शाह के परिजन, नगर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के उस उजले अध्याय को भावपूर्ण नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी हनुमंत सिंह चौहान ने की, जबकि जिला योजना अधिकारी (शिक्षा विभाग) सी. एल. अहिरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में जिले के वरिष्ठ शायर हाजी जफर उल्ला खान एवं बुंदेली कवि प्रभुदयाल श्रीवास्तव मंचासीन रहे। शुभारंभ स्व. अशरफ अली शाह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुआ।
स्व. अशरफ अली शाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए श्री रामस्वरूप दीक्षित ने उन्हें जननेता और विकासवादी पुरुष के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध स्व. शाह द्वारा किए गए सामूहिक आंदोलनों, संघर्षों और झेली गई यातनाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, समर्पण और जनकल्याण की प्रेरक गाथा है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला शिक्षा अधिकारी हनुमंत सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों से जोड़ते हैं। उन्होंने स्व. अशरफ अली शाह के आदर्शों से प्रेरणा लेने और उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सी. एल. अहिरवार ने भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं शीलचंद्र जैन ने नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में स्व. अशरफ अली शाह के कार्यकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कवि सम्मेलन में काव्य की धाराओं ने श्रद्धा को स्वर दिया। वीरेन्द्र चंसौरिया, राजीव नामदेव ‘राना लिधौरी’, पूरन चंद्र गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, विशाल कड़ा, रविन्द्र यादव, शाकिल खान, गुलाब सिंह यादव, कमलेश सेन, अनवर खान ‘साहिल’, स्वप्निल तिवारी एवं एस. आर. सरल सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से अमर सेनानी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन का सशक्त संचालन वरिष्ठ साहित्यकार राजीव नामदेव ‘राना लिधौरी’ ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में स्व. अशरफ अली शाह के परिवारजन सलीम अली, गुलाब अली, हशरत अली, रज्जाक अली, हसन अली, आइशा बानो, अशर्फी शाह एवं सोहल अख्तर—विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही जी. आर. प्रजापति, दिनेश पाठक, विजय रैकवार, विजय मेहरा सहित बड़ी संख्या में श्रोतागणों की सहभागिता ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

