टीकमगढ़ । पुलिस सेवा में कर्तव्य के साथ-साथ मानवता का परिचय देने वाले सराहनीय कार्य के लिए डायल 112 में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 90 संजय बुंदेला को पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार द्वारा 500 रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया गया है। दिनांक 09 दिसंबर 2025 को रात्रि लगभग 09 बजे, मध्यप्रदेश शासन की जनसहायता योजना डायल 112 की गश्ती वाहन सेवा रामनगर पॉइंट से बुडेरा पॉइंट की ओर भ्रमण पर थी। इसी दौरान आरक्षक संजय बुंदेला की नजर सुनसान मार्ग पर अकेली जा रही दो महिलाओं पर पड़ी। रात्रि का समय एवं मार्ग की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं से संवाद कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। महिलाओं ने अपना नाम श्रीमती राजकुमारी लोधी पत्नी हल्ले लोधी उम्र 35 वर्ष एवं श्रीमती वती लोधी पत्नी परमलाल लोधी उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम रामनगर, थाना बुडे़रा बताया। उन्होंने बताया कि वे कस्बा बुडे़रा में एक कार्यक्रम में भोजन बनाने हेतु आई थीं, किंतु देर रात होने के कारण घर जाने का कोई साधन उपलब्ध नहीं हो सका तथा परिजनों से संपर्क भी नहीं हो पाया। इस मानवीय, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्य से पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग की भावना सशक्त रूप से परिलक्षित हुई। महिलाओं एवं उनके परिजनों द्वारा पुलिस की इस सहायता की प्रशंसा करते हुए मध्यप्रदेश शासन की डायल 112 योजना एवं पुलिस का आभार व्यक्त किया गया। आरक्षक संजय बुंदेला द्वारा प्रदर्शित कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं मानवीय संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार द्वारा उन्हें 500 रुपये नगद इनाम से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया, जिससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है।

