टीकमगढ़। सड़क किनारे लगाए जा रहे पेवर्स की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। वार्डवासियों की शिकायत पर सोमवार को वे नजर बाग के पास छोटे सरकारी अस्पताल से जय स्तंभ की ओर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने काम की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को तत्काल काम बंद करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेवर्स सड़क से करीब एक फीट से अधिक ऊंचाई पर लगाए जा रहे हैं और नीचे केवल डस्ट बिछाकर घटिया निर्माण किया जा रहा है। इससे न केवल सड़क की मूल ऊंचाई प्रभावित होगी बल्कि बारिश के मौसम में सड़क पर पानी भरने की समस्या भी खड़ी हो सकती है। लोगों ने सोशल मीडिया पर भी इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह नगर पालिका के पैसे की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में निर्माण कार्य नगर पालिका के इंजीनियर की देखरेख में ही कराया जाएगा। अब्दुल गफ्फार ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में 05 लाख रुपये से कम के कई काम बिना उनकी जानकारी के कराए जा रहे हैं। अधिकारी अपने स्तर पर ही चहेते ठेकेदारों को काम देकर भुगतान कर रहे हैं।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

