टीकमगढ़ । पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के कुशल नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के परिणामस्वरूप जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु वर्ष 2025 में चलाए गए जिला स्तरीय विशेष अभियान के अत्यंत सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में जिले में सम्पत्ति संबंधी कुल 258 अपराध पंजीबद्ध किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर मात्र 162 रह गई। इस प्रकार सम्पत्ति संबंधी अपराधों में 96 प्रकरणों की कमी दर्ज की गई है, जो कि 37.20 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट को दर्शाती है। यह कमी पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई एवं निरंतर निगरानी का प्रत्यक्ष परिणाम है। इसके साथ ही सम्पत्ति संबंधी अपराधों में मशरूका चोरी गई संपत्ति की बरामदगी में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2024 में मशरूका बरामदगी का प्रतिशत 48.58 प्रतिशत था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 67.80 प्रतिशत हो गया है। इस प्रकार बरामदगी में 19.22 प्रतिशत की प्रभावी वृद्धि दर्ज की गई है, जो अपराधियों पर बढ़ते पुलिस दबाव और सशक्त विवेचना को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रवार निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, रात्रि गश्त, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग एवं थाना स्तर पर नियमित समीक्षा सुनिश्चित की गई, जिसके परिणामस्वरूप जिले में अपराधियों के मनोबल में कमी आई है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सघन अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

