टीकमगढ़। जिले के खरगापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कैलपुरा में स्थित शीतला माता मंदिर प्रांगण में लोधी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं तथा जिला लोधी राजपूत कल्याण महासभा के पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
बैठक की अध्यक्षता मनोहर लाल अधिवक्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी सरोज राजपूत एवं रामलाल झिनगुवा उपस्थित रहे। विशेष रूप से युवा प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर दुष्यंत लोधी की उपस्थिति ने युवाओं में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में जुगल किशोर, मानसिंह बगाज (माता समिति), लखन लाल (आलोक संघ), उमा, रानी, घनश्याम लोधी कैलपुरा, जितेंद्र सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में समाज के उत्थान, संगठन को सशक्त बनाने तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ब्लॉक स्तर पर संगठन के विस्तार और मजबूती पर विचार-विमर्श हुआ। नववर्ष के अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और समाज को एकजुट रहकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन समाज में समरसता, एकता और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर कार्य करने की अपील के साथ हुआ।

