टीकमगढ़। मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी एवं निर्णायक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध हथियार रखने एवं उनकी तस्करी पर सख्त नियंत्रण हेतु अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के कुशल मार्गदर्शन में समस्त थाना प्रभारियों द्वारा वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत 46 प्रकरण पंजीबद्ध कर 47 आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जो अवैध हथियार जप्त किए गए उनमे 23 अवैध आग्नेय शस्त्र देशी कट्टे,25 जीवित कारतूस,23 धारदार हथियार अवैध चाकू,छुरी,आदि जप्त समस्त हथियारों को विधिवत विवेचना में लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण कायम किए गए हैं। पुलिस द्वारा सक्रिय मुखबिर तंत्र सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के माध्यम से जिले में अपराधियों के मंसूबों पर लगातार पानी फेरा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। अवैध हथियारों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगी।

