टीकमगढ़। थाना खरगापुर क्षेत्र अंतर्गत बलदेवगढ़ रोड, तुलसी घाट के पीछे दिनांक 25 जनवरी 2026 को पुराने जमीनी विवाद के चलते एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। इस घटना में श्याम उर्फ सुनीश रुशिया (48 वर्ष), पिता महेश चंद्र रुशिया, निवासी खरगापुर की निर्मम हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी भगवानदास पिता गरीबा यादव, सुरेंद्र यादव, अंकित यादव एवं किरण यादव (सभी निवासी खरगापुर) ने पहले मृतक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने श्याम उर्फ सुनीश के सिर पर फावड़े से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक के शव को पास स्थित कुएँ में फेंक दिया।
मामले में थाना खरगापुर में अपराध क्रमांक 24/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 296(A), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
घटना के बाद सभी आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए थे, किंतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। आरोपियों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है और आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की जा रही ।

