टीकमगढ़। जिला पुलिस में दशकों तक निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवा देने वाले अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। टीकमगढ़ जिला पुलिस में अपनी दीर्घकालीन, अनुकरणीय और समर्पित सेवाओं के उपलक्ष्य में सहायक उपनिरीक्षक महेश नापित (सेवाकाल 38 वर्ष), तेज सिंह ठाकुर (सेवाकाल 38 वर्ष), प्रधान आरक्षक चरण सिंह राय (सेवाकाल 39 वर्ष), चौदे लाल (सेवाकाल 33 वर्ष) एवं श्री एहसान अली (सेवाकाल 32 वर्ष) का ससम्मान सेवानिवृत्ति समारोह दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, टीकमगढ़ में आयोजित किया गया।
38–39 वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवा को मिला सम्मान
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं पुलिस मोमेंटो भेंट कर गरिमामय विदाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में कर्तव्य के प्रति जो निष्ठा और समर्पण दिखाया, वह न केवल विभाग बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत है। पुलिस अधीक्षक ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके आगामी जीवन के लिए स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
भावभीनी विदाई, अनुभव रहेगा प्रेरणास्रोत
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, मुख्य लिपिक श्री रामाधार त्रिपाठी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
समारोह के समापन पर उपस्थितजनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी, जहां सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता का अद्भुत संगम देखने को मिला। टीकमगढ़ पुलिस ने यह संकल्प दोहराया कि जिले की सेवा में योगदान देने वाले इन समर्पित अधिकारियों के आदर्श और पदचिह्न सदैव स्मरणीय रहेंगे तथा उनके मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर पुलिस बल निरंतर उत्कृष्ट सेवा प्रदान करता रहेगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

