इटारसी में अटल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरूl
इटारसी। नगरपालिका परिषद इटारसी द्वारा बैल बाजार, पुराना बस स्टैंड, तेरहवीं लाइन के पास प्रस्तावित अटल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण स्थल पर लेआउट डलने के साथ ही कुछ कॉलम भी डाले जा चुके हैं। रविवार को नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति देखी। इस दौरान पार्षद अमित विश्वास, आशीष मालवीय भी उपस्थित रहे।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर बनाए जा रहे इस आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को लेकर शहर के व्यापारियों और स्टार्टअप की योजना रखने वाले युवाओं में खासा उत्साह है। उन्होंने बताया कि दुकानों को लेकर कई लोगों की ओर से पूछताछ भी प्राप्त हो चुकी है।
अध्यक्ष चौरे ने कहा कि कॉम्प्लेक्स में बरसाती पानी के संरक्षण के लिए दो रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएंगे। वहीं सड़क और पार्किंग क्षेत्र में सीमेंट के स्थान पर उच्च गुणवत्ता के पेबल ब्लॉक लगाए जाएंगे।
आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
अटल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में ग्राहकों और दुकानदारों की सुविधा के लिए सार्वजनिक शौचालय, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त पार्किंग स्पेस, हरियाली के लिए आकर्षक पौधे, पेयजल सुविधा और बाउंड्रीवाल जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी।
तीन साइज में बनेंगी 30 दुकानें
नगरपालिका द्वारा कुल 30 डबल स्टोरी दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जो तीन प्रकार की होंगी—
ए टाइप : 12 दुकानें (11.6 x 23 फीट)
बी टाइप : 10 दुकानें (14 x 23 फीट)
सी टाइप : 8 दुकानें (14 x 23 फीट) अनुमानित
4 करोड़ की लागत, नपा को मिलेगा बड़ा राजस्व
नपा अध्यक्ष ने बताया कि इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दुकानों की नीलामी से नगरपालिका को 10 से 12 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है। निर्माण लागत निकालने के बाद 6 से 8 करोड़ रुपये की शुद्ध आय होगी, जिसका उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा। इसके अलावा दुकानों से प्रति माह किराया भी नपा को प्राप्त होगा।

पत्रकार कुणाल पासवान

