टीकमगढ़/ओरछा। पर्यटन नगरी ओरछा को अब हवाई पर्यटन की नई सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री श्री पर्यटन योजना के अंतर्गत ओरछा से हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसको लेकर पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. ने निवाड़ी कलेक्टर को पत्र लिखकर ओरछा हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था, एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पर्यटन सचिव द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन किया जाएगा। यह सेवा ओरछा–चंदेरी–भोपाल रूट पर नियमित रूप से संचालित होगी। सुरक्षा, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड पर होने वाला संपूर्ण व्यय सेवा प्रदाता एजेंसी द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आवश्यक समन्वय एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
ओरछा मंदिर में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था भी होगी सुनिश्चित
पर्यटन सचिव ने पत्र में यह भी निर्देशित किया है कि ओरछा मंदिर में हेलीकॉप्टर से आने वाले यात्रियों हेतु प्रतिदिन निर्धारित वीआईपी दर्शन पास आरक्षित किए जाएं। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट से समन्वय कर पास ऑपरेटर को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। इन टिकटों का शुल्क नियमानुसार जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वहन किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से मिली स्वीकृति
गौरतलब है कि ओरछा से हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ कराने के लिए भाजपा नेता विकास यादव के आग्रह पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 9 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इस सेवा की स्वीकृति का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद अब यह महत्वाकांक्षी योजना धरातल पर उतरने जा रही है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय रोजगार के खुलेंगे अवसर
हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से ओरछा क्षेत्र के पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। अब तक बेहतर सड़क संपर्क न होने के कारण विदेशी पर्यटकों को ओरछा पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से विदेशी पर्यटक सीधे भोपाल या चंदेरी से ओरछा पहुंच सकेंगे और ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर पुनः हवाई मार्ग से लौट सकेंगे।
इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
बॉलीवुड और आमजन को भी मिलेगा लाभ
हेलीकॉप्टर सेवा से देश-विदेश के पर्यटकों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी हवाई यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। उल्लेखनीय है कि ओरछा ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी होने के साथ-साथ तेजी से बॉलीवुड का आकर्षण केंद्र भी बनती जा रही है। यहां लगातार फिल्म शूटिंग होती रहती है, लेकिन अब तक हवाई सुविधा न होने से फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को आवागमन में असुविधा होती थी। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से यह समस्या भी दूर होगी और ओरछा को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

