इटारसी में युवक युवतियों के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, 17 फरवरी को लगेगा भव्य रोजगार मेलाI
इटारसी।नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत नगर पालिका परिषद इटारसी एवं वर्धमान फैब्रिक्स, बुधनी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
यह रोजगार मेला 17 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक, गांधी मैदान के सामने स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। मेले में 5वीं से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण युवक-युवतियाँ भाग ले सकेंगे। यह अवसर विशेष रूप से 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए है। अधिक शैक्षणिक योग्यता के युवा भी शामिल हो सकते हैं।
रोजगार मेले के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को 3 माह की अप्रेंटिसशिप प्रदान की जाएगी, जिसके उपरांत स्थायी नियुक्ति दी जाएगी। चयनित युवाओं को प्रारंभिक रूप से ₹12,150 प्रतिमाह वेतन के साथ हॉस्टल सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि “यह पहल इटारसी के बेटा-बेटियों को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम है। युवा वर्ग को इसका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार भगवान शिव तप, धैर्य और कर्म के प्रतीक हैं, उसी प्रकार आज के युवा भी परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर अपना उज्ज्वल भविष्य गढ़ सकते हैं। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का यह संकल्प युवाओं के जीवन में नई दिशा देगा।
नगर के युवाओं में इस रोजगार मेले को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक युवक-युवतियों से समय पर पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
पत्रकार-कुणाल पासवान
मो-7581988260

