दुबई में भारत का जलवा: अंतरराष्ट्रीय सेस्टोबॉल टूर्नामेंट में ओमान को हराकर जीता गोल्ड I
दुबई / इटारसी: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेस्टोबॉल टूर्नामेंट (4 Nations Championship) में भारतीय टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से विश्व पटल पर तिरंगा लहरा दिया है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ओमान को पराजित कर स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही दुबई के अल राया स्पोर्ट्स क्लब में भारत का राष्ट्रगान गूँजा और पूरा स्टेडियम ‘भारत माता की जय’ के नारों से सराबोर हो गया।
नर्मदापुरम के दो जांबाजों ने दिखाया दम
इस विश्व विजेता टीम में मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के दो होनहार खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वेदांत पटेल (पिता: शिव मोहन पटेल) और साहिल सिंह सिसोदिया (पिता: गणपत सिंह सिसोदिया) ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी गति और सटीक तालमेल से प्रतिद्वंद्वी टीमों को पस्त कर दिया। फाइनल मैच में भी दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन निर्णायक रहा।
कोच और अधिकारियों ने की सराहना
टीम की इस सफलता पर मध्य प्रदेश सेस्टोबॉल टीम के कोच उत्कर्ष मालवीय (इटारसी) ने खुशी जाहिर करते हुए कहा:
“यह जीत इन खिलाड़ियों के वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। वेदांत और साहिल ने न केवल नर्मदापुरम बल्कि पूरे प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।”
मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय रेफरी और अधिकारियों ने भी भारतीय टीम के खेल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जिस चपलता और अनुशासन का परिचय दिया, वह काबिले तारीफ है।
जिले में जश्न का माहौल
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके गृह नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत की बधाई देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों का तांता लग गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी, अतुल तिवारी, राजेंद्र गोस्वामी और राहुल दुबे ने खिलाड़ियों के घर पहुंचकर उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाई।
भावुक क्षण: जब लहराया तिरंगा
टूर्नामेंट के समापन समारोह में जब भारत का तिरंगा सबसे ऊपर लहराया गया, तो विजेता खिलाड़ियों की आंखों में खुशी के आंसू साफ देखे जा सकते थे। यह पल मध्य प्रदेश और भारत के खेल इतिहास में एक सुनहरा अध्याय बनकर जुड़ गया है।

पत्रकार-कुणाल पासवान
मो-7581988260

