टीकमगढ़। जिला टीकमगढ़ पुलिस द्वारा दिनांक 28 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन परिसर में नगर एवं ग्राम रक्षा समिति (एनआरएस) के सदस्यों हेतु उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने की।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से कुल 120 नगर/ग्राम रक्षा समिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समिति सदस्यों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाते हुए कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कानून-व्यवस्था में समिति की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने उपस्थित सदस्यों से आत्मीय संवाद स्थापित किया और पुलिस की दैनिक कार्यवाहियों में उनके सक्रिय सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर/ग्राम रक्षा समिति स्थानीय स्तर पर पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है। अपराध नियंत्रण, सामाजिक समरसता तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सदस्यों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि समन्वय और कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
कानून व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग एवं व्यवहार शैली पर विशेष प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र के दौरान समिति सदस्यों को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं जिम्मेदारी, सामुदायिक पुलिसिंग की अवधारणा एवं उसके व्यवहारिक क्रियान्वयन, जनता के साथ संवेदनशील एवं मर्यादित व्यवहार, थाना क्षेत्र की चुनौतियों से समन्वित रणनीति के साथ निपटने के उपाय तथा पुलिस अभियानों एवं नवाचारों में सक्रिय सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने व्यवहार शैली, संवाद कौशल, आपसी समन्वय तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए।
उत्कृष्ट सेवा हेतु प्रेरणा एवं सामग्री वितरण
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी सदस्यों को “पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर” कार्य करने की प्रेरणा दी और समाजहित में उत्कृष्ट सेवा भाव से योगदान देने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों को विसिल, कैप एवं केन प्रदान किए गए, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी और अनुशासित रूप से कर सकें।
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, सूबेदार उत्तम सिंह, उप निरीक्षक मयंक नगाइच सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी एवं 120 नगर/ग्राम रक्षा समिति सदस्य उपस्थित रहे।
जिला पुलिस टीकमगढ़ द्वारा सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

