टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने ग्राम मऊबुजुर्ग में आरोग्य आयुष मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुष केन्द्र में ओपीडी नियमित नहीं पाये जाने पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएचओ तथा संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। तत्पश्चात उन्होंने आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीयजनों से चर्चा की तथा शासन के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को लगाये जा रहे एचपीव्ही टीकाकरण के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ग्रामीणजनों को जानकारी देते हुये बताया कि सर्विकल कैंसर महिलाओं को होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है, जो कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एचपीव्ही से होता है। हर साल लाखों महिलाएँ इस बीमारी से प्रभावित होती हैं। समय पर एचपीव्ही वैक्सीन लगवाने से इस कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री जी के निर्देश पर एचपीव्ही ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के खिलाफ राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14-15 वर्ष की किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। श्री श्रोत्रिय ने सभी जिलेवासियों से अनुरोध किया कि अपने परिवार, गांव, समाज, नगर में सभी 14-15 वर्ष की लड़कियों को नजदीकी सीएचसी और जिला चिकित्सालय में ले जायें और एचपीवी का टीका निःशुल्क लगवायें जिससे उन्हें भविष्य में होने वाले सर्विकल कैंसर जैसे गंभीर और जानलेवा रोग से बचाया जा सके। इस संबंध में आशा, आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, कि वह घर-घर जाकर यह जानकारी सबको दें। यह टीकाकरण जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है।

