दमोह में सनसनी: बोर्ड परीक्षा का आखिरी पेपर देकर निकल रहे 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या I
दमोह (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शुक्रवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बोर्ड परीक्षा का आखिरी पेपर देकर केंद्र से बाहर निकल रहे 15 वर्षीय छात्र की आधा दर्जन लड़कों ने सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना ओजस्वनी इंस्टीट्यूट स्थित परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर दोपहर के समय हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
गेट पर घात लगाकर बैठे थे हमलावर
मृतक छात्र की पहचान ऋषि अहिरवार (15),पिता जगदीश अहिरवार, निवासी ग्राम -इमलाई के रूप में हुई है। ऋषि इमलाई के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। शुक्रवार को उसका अंतिम पेपर था,और वह भविष्य के सपने संजोए केंद्र से बाहर निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वह गेट पर पहुँचा, पहले से घात लगाकर बैठे लगभग छह लड़कों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।
‘आखिरी पेपर के दिन देख लेंगे’—पुरानी रंजिश बनी काल
परिजनों और दोस्तों के अनुसार, कुछ दिन पहले परीक्षा के दौरान ही ऋषि का कुछ सहपाठियों से विवाद हुआ था। उस वक्त आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि “आखिरी पेपर के दिन उसे देख लेंगे।” हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने ऋषि के पेपर खत्म होने का इंतजार किया और जैसे ही वह बाहर आया, उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
अस्पताल में एक घंटे तक चला संघर्ष
लहूलुहान हालत में ऋषि को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की और करीब एक घंटे तक उपचार चला, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में मां और परिजनों का करुण क्रंदन सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
पुलिस की कार्रवाई: 6 संदेही हिरासत में
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह संदेहियों को हिरासत में लिया है।
-
चौंकाने वाला खुलासा: हिरासत में लिए गए अधिकांश आरोपी नाबालिग हैं।
-
सहपाठी ही निकले कातिल: बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ आरोपी खुद भी 10वीं के छात्र हैं, जिन्होंने अपना पेपर देने के तुरंत बाद इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और पकड़े गए नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है।
संपादकीय टिप्पणी: शिक्षा के मंदिर के बाहर इस तरह की हिंसक घटना समाज और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मामूली विवाद का अंत एक मासूम की जान लेकर होगा, यह वाकई चिंताजनक है।
पत्रकार कुणाल पासवान
Mob-7581988260


