पंचायत भवनों का निर्माण अप्रैल 2026 तक पूर्ण करें; लापरवाहों पर जिला पंचायत सीईओ सख्त I
नर्मदापुरम। जिले की ग्राम पंचायतों में शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अब निर्माण कार्यों की गति को लेकर बेहद गंभीर है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री हिमांशु जैन ने जिला पंचायत सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में 97 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित तकनीकी अमला उपस्थित रहा।
दो दिन का अल्टीमेटम: शुरू करें कार्य या लौटाएं राशि
बैठक के दौरान सीईओ श्री जैन ने नवीन पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि जिन पंचायतों में सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, वे दो दिनों के भीतर काम शुरू करना सुनिश्चित करें।
विशेष रूप से, जिन स्थानों पर भूमि विवाद या अनुपलब्धता के कारण कार्य अटक गया है, उन्हें आवंटित राशि दो दिन के भीतर जिला पंचायत को वापस करने के निर्देश दिए गए हैं। श्री जैन ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माणाधीन भवनों को अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए ताकि हितग्राहियों को इनका लाभ मिलना शुरू हो सके।
अतिक्रमण और सीएम हेल्पलाइन पर विशेष ध्यान
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन निर्माण कार्यों में अतिक्रमण की बाधा आ रही है, वहां संबंधित एसडीएम और तहसीलदार से समन्वय कर तत्काल निराकरण कराएं।
वहीं, जिला पंचायत परियोजना अधिकारी श्री योगेन्द्र राय ने ‘सीएम हेल्पलाइन 181’ की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण पर जोर दिया। बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति साहू, ईआरएस श्रीमती प्रियंका मेहरा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

