भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन: ₹2700 गेहूं समर्थन मूल्य और मूंग खरीदी की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन I
नर्मदापुरम/सिवनी मालवा। किसानों की मांगों और भाजपा सरकार द्वारा चुनावी वादों को पूरा न करने के विरोध में आज युवा कांग्रेस नर्मदापुरम ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम एसडीएम (SDM) को ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस ने सरकार द्वारा घोषित ₹40 के बोनस को किसानों का अपमान बताते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
“₹40 का बोनस केवल लॉलीपॉप”: युवा कांग्रेस
ज्ञापन सौंपते हुए युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को मात्र ₹40 का बोनस देकर उनके साथ मजाक कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार अपने चुनावी वादे के अनुरूप गेहूं की सरकारी खरीदी ₹2700 प्रति क्विंटल के भाव पर सुनिश्चित करे।
मूंग खरीदी और नरवाई प्रबंधन पर जोर
प्रदेश महासचिव अक्षय जायसवाल ने मांग उठाई कि ग्रीष्मकालीन मूंग की सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदी की घोषणा जल्द से जल्द की जाए, ताकि किसानों को अनिश्चितता से बचाया जा सके। वहीं, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोल्डी बेस ने नरवाई प्रबंधन के विषय को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि प्रशासन को किसानों से चर्चा कर इसके लिए उचित और व्यावहारिक व्यवस्था करनी चाहिए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष सौम्य दुबे ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो युवा कांग्रेस और किसान मिलकर सड़कों पर उतरेंगे।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष आनंद पटेल, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार केलू उपाध्याय, पंकज राठौर, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, सेवा दल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानंद गज्जू तिवारी, प्रतीक मालवीय, पार्षद दिलीप गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


