रिश्तों का कत्ल: शादी के महज 25 दिन बाद पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश I
सिंगरौली। मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए चर्चित ‘राजा रघुवंशी और सोनम’ हत्याकांड की रूह कंपा देने वाली यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि सिंगरौली जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पत्नी ने सात फेरों की मर्यादा को ताक पर रखकर शादी के सिर्फ 25 दिन बाद ही अपने पति को रास्ते से हटा दिया।
हादसा नहीं, सोची-समझी हत्या
बीती 8 मार्च को सरई थाना क्षेत्र के रजनिया कटरा जंगल में अजय वैश्य का शव मिला था। शुरुआत में इसे एक साधारण सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, क्योंकि अजय की लाश के ऊपर उसकी ही बाइक पड़ी थी। लेकिन पुलिस को घटनास्थल की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। जब तफ्तीश शुरू हुई और कॉल डिटेल्स खंगाली गईं, तो परत दर परत खौफनाक सच सामने आता गया।
इंस्टाग्राम वाला ‘इश्क’ और मौत का बुना जाल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अजय की पत्नी उमा वैश्य इस पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड थी। उमा का विवाह 12 फरवरी 2026 को अजय से हुआ था, लेकिन वह इस शादी से खुश नहीं थी। उमा का प्रेम प्रसंग इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए अमर बहादुर वैश्य से चल रहा था। अमर बहादुर खुद शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है, फिर भी उमा उसके प्यार में इस कदर अंधी थी कि उसने अपने सुहाग को ही मिटाने का फैसला कर लिया।
लोकेशन भेजकर जंगल में घेरा
साजिश के तहत उमा ने अजय को फोन कर मायके (गन्नई) बुलाया। मासूम अजय अपनी बाइक से ससुराल के लिए निकला, लेकिन रास्ते में उमा पल-पल की लोकेशन अपने प्रेमी को भेज रही थी। रजनिया के जंगल में पहले से घात लगाए बैठे बोलेरो सवार आरोपियों ने अजय को रोका, उसके साथ मारपीट की और फिर ग्लव्स पहनकर गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शव पर बाइक पटक दी ताकि मामला एक्सीडेंट लगे।
पुलिस की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
कॉल रिकॉर्ड्स और उमा के बदलते बयानों ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उमा टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए:
-
आरोपी पत्नी: उमा वैश्य
-
प्रेमी: अमर बहादुर वैश्य
-
सहयोगी: चंद्रप्रकाश
तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने समाज में रिश्तों के प्रति बढ़ते अविश्वास और सोशल मीडिया के घातक पहलुओं पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।


