जनगणना 2027 की तैयारियाँ तेज: चार्ज अधिकारियों को सीएमएस और डीसीएचबी पोर्टल का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण I
नर्मदापुरम। आगामी जनगणना कार्यों को सुचारू और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को स्थानीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न हुई, जिसमें जिले के सभी चार्ज अधिकारियों और उनके सहायकों को डिजिटल पोर्टल्स के संचालन की बारीकियां सिखाई गईं।
तकनीकी बारीकियों से रूबरू हुए अधिकारी
अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस सत्र में सीएमएस (CMS) पोर्टल पर ‘हैंड्स-ऑन’ ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को पोर्टल पर डेटा फीडिंग और प्रबंधन में दक्ष बनाना है। इसके साथ ही डीसीएचबी (DCHB) पोर्टल के माध्यम से जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु:
-
ग्राम-नगर निर्देशिका: अधिकारियों को बताया गया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका में जिले का वर्णनात्मक विवरण, प्रशासनिक सांख्यिकी और प्राथमिक जनगणना सार शामिल होता है। इसमें प्रत्येक ग्राम और नगर की सामाजिक-आर्थिक विशेषताओं व बुनियादी सुविधाओं के आंकड़ों का समावेश किया जाएगा।
-
समय सीमा: यह स्पष्ट किया गया कि आंकड़ों के संग्रहण का यह कार्य मकान सूचीकरण (House Listing) पूर्ण होने के बाद शुरू होगा, जिसे 30 दिनों की निर्धारित अवधि में पूरा करना अनिवार्य होगा।
-
विशेषज्ञ मार्गदर्शन: प्रशिक्षण सत्र में नर्मदापुरम संभाग प्रभारी श्रीमती अनामिका जैन और जिला प्रभारी सुश्री आयुषी यादव द्वारा पोर्टल के तकनीकी पहलुओं और प्रक्रियात्मक प्रोटोकॉल पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें आंकड़ों की शुद्धता सर्वोपरि है। तकनीकी रूप से प्रशिक्षित होने से त्रुटियों की संभावना कम होगी और कार्य समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सकेगा।


पत्रकार – कुणाल पासवान

