नर्मदापुरम पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी: एसपी साईं कृष्णा ने कसे पेंच, 72 पुलिसकर्मियों के तबादले; कंचन सिंह ठाकुर को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी I
नर्मदापुरम। जिले की कानून व्यवस्था को नई धार देने और पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) साईं कृष्णा एस. थोटा ने कड़ा रुख अपना लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही एसपी जिले की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हैं, जिसके तहत अब बड़े पैमाने पर फेरबदल की शुरुआत हो गई है। ताजा आदेश में जिले के 72 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले कर दिए गए हैं, जिससे महकमे में हड़कंप की स्थिति है।
नेटवर्क तोड़ने और परफॉर्मेंस पर जोर
एसपी की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वर्षों से एक ही थाने में जमे पुलिसकर्मियों के स्थानीय नेटवर्क को तोड़ना है। पूर्व एसपी गुरुकरण सिंह द्वारा शुरू की गई तबादला प्रक्रिया को वर्तमान एसपी ने और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया है। देर रात जारी आदेश के अनुसार:
-
72 अधिकारी-कर्मचारियों (SI, ASI और हेड कांस्टेबल) को इधर-उधर किया गया है।
-
लंबे समय से थानों में जमे कई कर्मियों को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) और कंट्रोल रूम भेजा गया है।
-
प्रशासनिक दृष्टिकोण से कई कर्मचारियों को यातायात थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुर्खियों में टीआई कंचन सिंह ठाकुर: क्या मिलेगी बड़ी कमान?
इस पूरे फेरबदल के बीच नर्मदापुरम कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में उनके उत्कृष्ट ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए अटकलें तेज हैं कि उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
-
संभावित भूमिका: सूत्रों की मानें तो उन्हें जिले के महिला सेल की कमान सौंपी जा सकती है।
-
रणनीतिक बदलाव: चर्चा यह भी है कि इटारसी जैसे चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण क्षेत्र का जिम्मा भी उन्हें मिल सकता है।
इन थानों में भी बदलाव की आहट
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि यह तो बस शुरुआत है। जल्द ही एक और नई सूची जारी हो सकती है, जिसमें बाबई, सोहागपुर, सिवनी मालवा, पिपरिया और इटारसी सहित नर्मदापुरम के मुख्य थानों में नए थाना प्रभारी नजर आ सकते हैं। एसपी थोटा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में केवल ‘परफॉर्मेंस’ ही टिकने का एकमात्र आधार होगी।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

