इटारसी के श्री हनुमान धाम मंदिर में राम नवमी और हनुमान जन्मोत्सव की धूम: तीन दिवसीय भव्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार l
इटारसी। शहर के ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र सिद्ध श्री हनुमान धाम मंदिर (ओवरब्रिज परिसर) में इस वर्ष मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और उनके परम भक्त पवनपुत्र हनुमान जी का प्राकट्योत्सव अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को मंदिर परिसर में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रमों की भव्यता और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
धार्मिक कार्यक्रमों का क्रमवार विवरण:
27 मार्च (राम नवमी): भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर दोपहर 12 बजे भव्य महाआरती होगी। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को विशेष रूप से तैयार लस्सी और पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर को विशेष लाइटिंग और फूलों से सजाया जाएगा।
31 मार्च (हनुमान प्राकट्योत्सव): इस मुख्य अवसर पर शाम 4 बजे मंदिर परिसर से एक विशाल चल समारोह एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में जबलपुर के विशेष कलाकारों द्वारा देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। ढोल-नगाड़ों और अखाड़ों के प्रदर्शन के साथ यह यात्रा नगर भ्रमण कर पुनः मंदिर पहुंचेगी।
1 अप्रैल (अभिषेक एवं रामायण पाठ): सुबह 10 बजे से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा। इसी रात्रि 12 बजे से 3 बजे तक मां नर्मदा के पावन जल से हनुमान जी के विग्रह का अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
2 अप्रैल (भंडारा एवं समापन): रामायण पाठ के समापन के बाद दोपहर में महाआरती होगी। शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरभर के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
तैयारियों में जुटे सेवादार
बैठक के दौरान आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर मुख्य सेवादार लखन बेस, समाजसेवी विश्वनाथ सिंघल, पुजारी पंडित नरेंद्र तिवारी, पवन बोहरा, पूर्व नपा अध्यक्ष रवि जायसवाल, पार्षद राकेश जाधव, सुनील जैन, ऋषि दुबे, मनोज सारन, भविष्य सारन, राजकुमार केलु उपाध्याय, अरविंद व्यास, शैलेंद्र ठाकुर, बाबूलाल कैथवास, सत्येंद्र अवस्थी, बंटी लांबा, अशोक अग्रवाल (साईं कृष्णा), जयराज सिंह भानु, विशाल जैन, नारायण सिंह पटारिया, पंकज शर्मा, अंशुल सहगल, संजय नगरिया, और आरडी रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नोट: मंदिर समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से इन आयोजनों में सपरिवार सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।


पत्रकार कुणाल पासवान

