इटारसी: फोरलेन पथरौटा के पास खेत में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा I
इटारसी। नर्मदापुरम-इटारसी फोरलेन पर पथरौटा के समीप सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में खड़ी गेहूं की पकी हुई फसल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और अपनी सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
समय रहते पाया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय पथरौटा के पास स्थित खेत से धुआं उठते देख ग्रामीण मौके पर दौड़े। आग पकी हुई गेहूं की फसल में लगी थी, जो हवा के चलते तेजी से फैल सकती थी। ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से तुरंत मोर्चा संभाला और आग को घेरकर उस पर काबू पाना शुरू किया।
दमकल की टीम भी पहुंची
सूचना मिलते ही नगरपालिका इटारसी की दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुँच गई। जब तक दमकल की टीम पहुँची, ग्रामीणों ने काफी हद तक आग को नियंत्रित कर लिया था, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने पूरी तरह आग को बुझाकर उसे ठंडा किया।
किसानों की बढ़ी चिंता
गर्मी का सीजन शुरू होते ही खेतों में आगजनी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। गनीमत रही कि आग समय रहते बुझा ली गई, वरना आसपास के अन्य खेतों में खड़ी सैकड़ों एकड़ फसल इसकी चपेट में आ सकती थी। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी को इसका कारण माना जा रहा है।


