इटारसी पुलिस की सफलता: दुर्घटना के बाद सड़क से बाइक ले जाने वाला चोर गिरफ्तार, 30 हजार की मोटरसाइकिल बरामद I
इटारसी-इटारसी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक सप्ताह पूर्व चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को धर दबोचा और चोरी की गई बाइक जब्त कर ली है।
क्या था मामला?
घटना 8 मार्च 2026 की है, जब मालवीय गंज निवासी फरियादी विनोद कुमार रैकवार अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 05 ZJ 9016) से सब्जी बाजार जा रहे थे। रास्ते में गुरुद्वारे के सामने उनकी बाइक एक बोर्ड से टकरा गई और वे सड़क पर गिर गए। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर रफूचक्कर हो गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना इटारसी में धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।
CCTV फुटेज से खुला राज
चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्ध की तस्वीर साफ हो गई।
मेहरा गांव नदी के पास से गिरफ्तारी
आज, 17 मार्च को सटीक मुखबिर सूचना पर पुलिस ने मेहरा गांव नदी के पास दबिश दी। वहाँ फुटेज में दिखे हुलिए के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती बरतने पर आरोपी पंकज कटारे (28 वर्ष) निवासी इंद्रापुरा, पुरानी इटारसी ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के पास से 30,000 रुपये की हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, प्रधान आरक्षक दिनेश कटारे, राकेश, आरक्षक सतीश, अंकित और नरेंद्र राजपूत की विशेष भूमिका रही।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

