किसी भी कार्य को प्रशिक्षण प्राप्त कर करने से कार्य करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
संवाददाता प्रवीण गौर नर्मदापुरम/ ग्राम के समग्र विकास को सुदृढ़ बनाने तथा स्थानीय स्तर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत चयनित सेक्टर क्रमांक 02 के ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कजलास में एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में नवांकुर संस्थाओं के पदाधिकारी एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने सहभागिता कर अपने दायित्वों एवं कार्यों के प्रति आवश्यक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्री राजेश गौर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद नर्मदापुरम के जिला समन्वयक श्री पवन सहगल एवं ब्लॉक समन्वयक श्री नरेंद्र देशमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विकासखंड समन्वयक श्री नरेंद्र देशमुख ने प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात श्री पवन सहगल ने समितियों की भूमिका, निष्ठा एवं समर्पण के साथ समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने आगामी समय में संभावित जल संकट को देखते हुए “जल संगोष्ठी” आयोजित करने की सहमति भी व्यक्त की। मुख्य अतिथि श्री राजेश गौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए उचित प्रशिक्षण और जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्फुटन समितियाँ आदर्श ग्राम की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। प्रशिक्षण के दौरान श्री आनंद कुमार नामदेव द्वारा पर्यावरण संरक्षण, समाज कल्याण, स्वच्छता, दस्तावेजीकरण तथा समिति के कार्यों के लक्ष्य निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही वृक्षारोपण, नर्सरी विकास, कार्यालय निर्माण, सूचना बोर्ड, दीवार लेखन, ग्रीष्म ऋतु में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था तथा “जल गंगा संवर्धन अभियान” से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सेक्टर की विभिन्न प्रस्फुटन समितियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया साथी ही स्नेह समरसता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक प्रतिनिधि श्री सुभाष पटेल, पूर्व सरपंच श्री राजेंद्र सिंह, श्री तेजराम गौर, श्री राकेश भट्ट, श्री मनोज गौर, श्री मुकेश गौर, श्री गोपाल सेठ, श्री राम सिंह निमादा, श्री राम जाट, श्री श्रवण निमोदा, श्री रामभरोस कीर, श्री अभिलाषा, श्री चिमनलाल गौर, श्री प्रवीण गौर, श्री ओमप्रकाश गौर, श्री हरिओम गौर, सरपंच श्री ओमप्रकाश, श्री नीलेश गौर, श्री अजय दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विनय गौर कार्यक्रम का आभार श्रवण निमोदा द्वारा किया गया।
