इटारसी पहुँचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ओंकारानंद सरस्वतीजी, आज से शुरू होगी नौ दिवसीय श्री राम कथा I
इटारसी। नगर की प्रसिद्ध श्री राम जन्म महोत्सव समिति द्वारा आयोजित होने वाली नौ दिवसीय श्री राम कथा के लिए प्रवचनकर्ता प्रयाग पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ओंकारानंद सरस्वती जी का गुरुवार को इटारसी रेलवे स्टेशन पर आगमन हुआ। स्टेशन पहुँचते ही पूरी भक्तिमय हो गई और समिति के पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
ढोल-बाजे और पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन
समिति के अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्टेशन पहुंचे। जैसे ही जगद्गुरु का आगमन हुआ, उपस्थित जनों ने माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा,स्वागत के उपरांत स्टेशन से वाहन रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महर्षि नगर स्थित संत निवास पहुँची, जहाँ शंकराचार्य जी को ससम्मान ठहराया गया है।
उपस्थित पदाधिकारी और सदस्य
इस गरिमामय अवसर पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णु शंकर पांडेय, सचिव अभिषेक तिवारी, संयुक्त सचिव शैलेंद्र दुबे, सदस्य एम.एल. गौर, शैलेश अग्रवाल, घनश्याम तिवारी, संजीव हूरा, कमलेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से बहेगी रामकथा की गंगा
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, श्री राम कथा का आयोजन नगर के श्री द्वारकाधीश बड़ा मंदिर (तुलसी चौक) में किया जा रहा है। कथा का समय प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
श्री राम जन्म महोत्सव समिति ने नगर एवं क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से विनम्र आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर जगद्गुरु के मुखारविंद से प्रवाहित होने वाली इस दिव्य राम कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करें।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

