महाशक्ति संघ ने कलश यात्रा में श्रद्धालुओं को पिलाई ठंडाई I
इटारसी। चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर नगर में चारों ओर उत्साह और भक्ति का वातावरण है। इसी कड़ी में उड़ान श्री वेलफेयर सोसाइटी द्वारा न्यास कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान हिंदू महाशक्ति संघ ने सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए कलश यात्रा में शामिल सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई वितरण का स्टाल लगाया।
कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
स्वामी सुनीलानंद जी महाराज के मुखारविंद से होने वाली इस कथा की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला शक्ति और पुरुष भक्तगण पारंपरिक वेशभूषा में सम्मिलित हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। इस भक्तिमय माहौल में वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष गुरयानी और सुप्रसिद्ध गायक जस्सी भगत विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।
सेवा के लिए आगे आया हिंदू महाशक्ति संघ
हिंदू महाशक्ति संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलश यात्रा मार्ग पर भक्तों को शीतल ठंडाई वितरित कर गर्मी से राहत दिलाई। संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी जीतेंद्र राजवंशी ने जानकारी दी कि संघ का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों में सेवा भाव के साथ सहभागिता करना है।
कथा स्थल पर रहेगी शीतल जल की व्यवस्था
राजवंशी ने आगे बताया कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कथा स्थल पर शीतल पेयजल की निरंतर व्यवस्था की जाएगी। इस सेवा कार्य की जिम्मेदारी संघ के प्रदेश सचिव आशिष प्रजापति, जिला अध्यक्ष कालीचरण बामने, उपाध्यक्ष वीर मालवीय, पप्पू पटेल, सतीश कुचबंदिया, हिमांशु तिवारी, योगेश केवट, सचिन परदेशी और गोलू मेहरा संभालेंगे।


