इटारसी: नगर पालिका की अनदेखी, वार्ड नंबर-2 में नालियां चोक; संक्रमण का बढ़ा खतरा I
इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी के स्वच्छता दावों की पोल वार्ड नंबर-2 में खुलती नजर आ रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने और शिकायतों के बावजूद नगर पालिका प्रशासन नालियों की सफाई को लेकर गंभीर नहीं है।
गंदगी और बदबू से रहवासी परेशान
वार्ड नंबर-2 की नालियां कचरे और कीचड़ से पूरी तरह से भरी हुई हैं। पानी की निकासी रुकने के कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से सफाईकर्मी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शिकायतों का नहीं हो रहा असर
वार्ड के निवासियों ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में कई बार मौखिक सूचना दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतों के बाद भी अधिकारियों की चुप्पी से लोगों में आक्रोश है।
बीमारियों के फैलने की आशंका
गर्मी की शुरुआत और नालियों में जमा स्थिर पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को डर है कि यदि जल्द ही सफाई नहीं कराई गई, तो क्षेत्र में मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां पैर पसार सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
मुख्य मांग:
वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ (CMO) से मांग की है कि:
-
तत्काल सफाई गैंग भेजकर नालियों को साफ कराया जाए।
-
नियमित रूप से वार्ड में कीटनाशक का छिड़काव हो।
-
स्वच्छता के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।

पत्रकार-कुणाल पासवान
Mob-7581988260

